India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या: औरंगाबाद में कार से खींचकर बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत...


रोहतास/औरंगाबाद | इंडिया A To Z News रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (Executive Officer) विमल कुमार की औरंगाबाद जिले में निर्मम हत्या कर दी गई। घटना बारुण थाना क्षेत्र के पटना कैनाल नहर रोड स्थित घनौती पुल के पास की है, जहां अज्ञात अपराधियों ने उनकी कार रोककर पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अधिकारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

कार से खींचकर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमल कुमार अपनी निजी कार से पटना जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद उन्हें कार से बाहर खींचकर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला किया गया। उनके शरीर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर अवस्था में जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

गोली मारने की भी आशंका, जांच जारी

घटना के बाद शुरुआत में गोली मारने की सूचना सामने आई थी। हालांकि अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शरीर पर मारपीट और धारदार हथियार से हमले के स्पष्ट निशान मिले हैं। गोली लगने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस कई एंगल से कर रही जांच

वारदात की सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या के पीछे लूट, पुरानी रंजिश या कोई सुनियोजित साजिश तो नहीं थी। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

मुख्य पार्षद ने की निष्पक्ष जांच की मांग

डेहरी नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

परिवार में मचा कोहराम

विमल कुमार मूल रूप से गया जिले के शेरघाटी के निवासी थे। उनका परिवार वर्तमान में पटना में रहता है। परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और एक छोटा बेटा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सासाराम पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम रोहतास सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

डीएम-एसपी पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलने के बाद रोहतास के जिलाधिकारी दीपक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी नारायण मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

वहीं औरंगाबाद सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया अज्ञात अपराधियों द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शहीदों के कार्यक्रम से लौट रहे थे

बताया जा रहा है कि विमल कुमार शनिवार शाम डेहरी में आयोजित 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में लोजपा (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह, डेहरी एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के मुख्य उद्घाटनकर्ताओं में विमल कुमार भी शामिल थे।

पूरे प्रशासनिक महकमे में शोक

एक ईमानदार और सक्रिय प्रशासनिक अधिकारी की इस तरह हत्या से प्रशासनिक महकमे में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

(नोट: हत्या के कारण और गोली लगने संबंधी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।)

— इंडिया A To Z News

Post a Comment

Previous Post Next Post