सासाराम/शिवसागर, रोहतास। रोहतास पुलिस ने शिवसागर थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार भी बरामद कर जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, लूट की इस वारदात में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पेट्रोल पंप के पास चाकू और बेल्ट का भय दिखाकर लूट
जानकारी के अनुसार, 21/22 जुलाई की देर रात करीब 1:30 बजे शिवसागर थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा से पश्चिम बनारस की ओर जाने वाली NH-19 सड़क पर स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के पास लूट की वारदात हुई थी।
बताया गया कि चेनारी थाना क्षेत्र के निवासी मनीष कुमार (24 वर्ष) को वैगनआर कार सवार चार अज्ञात अपराधियों ने घेर लिया। आरोप है कि अपराधियों ने चाकू और बेल्ट से मारपीट का भय दिखाकर पीड़ित के पास से 10 हजार रुपये नकद, कपड़ों और एक सोने की अंगूठी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
एसपी के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम
घटना की सूचना मिलते ही रोहतास पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम-1 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज को खंगाला। इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। इसके आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार संख्या JH 10BU 6416 को बरामद कर जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन के स्वामी सह अभियुक्त आदित्यमल सिंह (30 वर्ष), पिता रामअयोध्या सिंह, निवासी मेदनीपुर, थाना धौधाड़, जिला रोहतास को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त आदित्यमल सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
- सासाराम मुफस्सिल थाना कांड संख्या 157/22 — धारा 392 भादवि (लूट)
- डेहरी नगर थाना कांड संख्या 454/23 — धारा 364ए भादवि (फिरौती के लिए अपहरण)
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने बताया कि लूटकांड में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में शिवसागर थानाध्यक्ष पु०नि० रितेश कुमार सिंह, पु०अ०नि० चंद्रहास कुमार, स०अ०नि० सिंधु शेखर सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
Post a Comment