India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

एशियन ट्रैक पर चमका रोहतास का सितारा, पीयूष राज ने बिहार को दिलाया पहला मेडल...

 


सासाराम/रोहतास। रोहतास जिले के होनहार एथलीट पीयूष राज ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार का नाम रोशन किया है। हॉन्गकॉन्ग में आयोजित 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए पीयूष राज ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

इस उपलब्धि के साथ पीयूष राज एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी इस सफलता से पूरे रोहतास जिले सहित बिहार में खुशी और गर्व का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, भारतीय पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 मिनट 05.54 सेकेंड का नया मीट रिकॉर्ड बनाया और कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में पीयूष राज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रण शंकरण ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बिहार के खेल इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पीयूष की सफलता राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी और बिहार में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया अवसर मिलेगा।

पीयूष राज की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा जिलेवासियों ने उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पर भी उनके सम्मान में शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है। लोगों का कहना है कि पीयूष ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह साबित कर दिया है कि बिहार के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं।

रोहतास के इस लाल ने न केवल अपने जिले बल्कि पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा प्रदान करेगी।

रिपोर्ट: अनिल रोहतासी
INDIA A TO Z NEWS

Post a Comment

Previous Post Next Post