India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

औरंगाबाद में ट्रक ने लूना को मारी टक्कर, एक की मौत; दूसरा गंभीर

 
औरंगाबाद। जिले में रफीगंज-शिवगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चातर पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां तेज गति से आ रहे ट्रक ने लूना सवार दो लोगों को टक्कर मार दी।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि लूना पर सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में 57 वर्षीय सर्जुन साव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद 40 वर्षीय उपेंद्र साव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल उपेंद्र का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

नाग पंचमी पर मंदिर से लौट रहे थे

बताया गया कि सर्जुन साव और उपेंद्र साव नाग पंचमी के अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। पूजा करने के बाद दोनों लूना से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चातर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे सर्जुन

हादसे में सर्जुन साव की मौत की खबर उनके घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सर्जुन साव ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

सर्जुन साव के परिवार में एक बेटा और पांच बेटियां हैं। बताया गया कि करीब तीन वर्ष पहले बीमारी के कारण उनकी पत्नी उषा देवी का निधन हो गया था। पत्नी की मृत्यु के बाद बच्चों की देखभाल और परिवार चलाने की जिम्मेदारी सर्जुन साव के कंधों पर थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जरूरतें पूरी कर रहे थे। अचानक सड़क दुर्घटना में उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है।

आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत मिलेगा मुआवजा

नगर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अनिल कुमार गौतम और सेवानिवृत्त कैप्टन कमलेश कुमार सिंह ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि सर्जुन साव मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार को काफी नुकसान हुआ है।

वहीं अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में मृत व्यक्ति के आश्रितों को सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रशासन की ओर से दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी और यातायात व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।

India A To Z News
सत्य • निष्पक्षता • जनसेवा

Post a Comment

Previous Post Next Post