Top News

रोहतास में सड़क हादसों का काला शनिवार: चार दुर्घटनाओं में 3 की मौत, 8 घायल...

 संवाददाता: अनिल रोहतासी | सासाराम/बिहाररोहतास जिले में शनिवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेपहद भयावह साबित हुआ। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार भीषण सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घटनाओं के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। वहीं घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की मौत

पहली घटना नटवार थाना क्षेत्र के मरोढ़ गांव के समीप हुई, जहां दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ट्रक चालक विजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।


अज्ञात वाहन ने महिला को रौंदा


दूसरी घटना दिनारा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-319 स्थित सुरती मोड़ के पास हुई। यहां सड़क पार कर रही एक महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान कोचस निवासी इंदू देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।


बाइक पेड़ से टकराई, युवक की गई जान


तीसरी दुर्घटना भानस थाना क्षेत्र के डिहरा गांव के समीप हुई। अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी सिकंदर सिंह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद वह पास के पानी से भरे गड्ढे में गिर गए, जिससे डूबने और गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।


शादी में जा रहे परिवार की टेंपो दुर्घटनाग्रस्त


चौथी घटना शिवसागर थाना क्षेत्र में हुई, जहां यात्रियों से भरी एक टेंपो सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। इस हादसे में एक ही परिवार के आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।


जिले में दहशत, पुलिस ने की अपील


लगातार हुई इन सड़क दुर्घटनाओं से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। पुलिस प्रशासन सभी मामलों की जांच में जुटा हुआ है। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज रफ्तार से बचने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post