Top News

Bihar Crime: बक्सर में गेहूं कटवाने गए किसान की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद का शक

बक्सर के नैनीजोर दियर में 58 वर्षीय किसान तारकेश्वर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे देर रात गेहूं कटवाने खेत गए थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला किया। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
बक्सर में किसान को मारी गोली। सांकेतिक फोटो

India A To Z News संवाददाता, बक्सर। जिले के नैनीजोर थाना अंतर्गत नैनीजोर दियर में देर रात एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नैनीजोर निवासी 58 वर्षीय तारकेश्वर यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।

हत्या की पुष्टि करते नैनीजोर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घरवालों से मिली जानकारी के अनुसार, दिन में कड़ी धूप होने के कारण देर रात 10.30 बजे तारकेश्वर यादव थाना क्षेत्र के गायघाट मौजा अंतर्गत अपने खेत में गेहूं की फसल कटवाने गए थे। तभी पूर्व से घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर मे सिर और सीने में दो गोली लगने के निशान मिले हैं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घरवालों से पूछताछ में अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है और न कोई आवेदन प्राप्त हुआ है। टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, विगत 28-30 वर्षों से दियारा की जमीन का विवाद चल रहा है। जिस जमीन पर फसल कटवाने गए थे, वह भी विवादित जमीन का हिस्सा था।

अब तक की जांच में हत्यारों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। गेहूं काटने के लिए जो लोग गए थे उनके बारे में पता लगाया जा रहा है जिससे हमलावरों के बारे में जानकारी मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post