मुजफ्फरपुर (बिहार)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसही-डुमरी इलाके में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जेसीबी से खुदाई के दौरान जमीन के नीचे बिछी PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। गैस रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। कई घरों के शीशे टूट गए और एक चार मंजिला इमारत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई वाहन और निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन भी आग की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने हादसे में एक व्यक्ति की मौत और छह लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।
निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने सड़क और नाला निर्माण के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
संवाददाता: अनिल रोहतासी
India A To Z News | बिहार

Post a Comment