पटना। बिहार के खेल जगत के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति-पत्र सौंपे। 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप और मुकेश कुमार को बिहार पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्ति का पत्र दिया गया।
पटना के ऊर्जा सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को सरकारी सेवा से जोड़ने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। आकाशदीप और मुकेश कुमार की DSP पद पर नियुक्ति को बिहार सरकार की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की नीति की बड़ी पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में गांव-गांव जाकर प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज की जाएगी और राज्य में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगले IPL ऑक्शन तक बिहार की अपनी IPL टीम तैयार करने का लक्ष्य है। इसके लिए राज्य में प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा।
आकाशदीप और मुकेश कुमार को DSP बनाए जाने से बिहार के क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। दोनों खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपनी गेंदबाजी से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। रोहतास जिले के रहने वाले आकाशदीप के DSP बनने से उनके गृह जिले में भी खुशी का माहौल है।
बिहार सरकार की इस पहल के तहत अब तक बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को सरकारी सेवा का अवसर दिया जा चुका है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए रोजगार का बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। समारोह में खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र के अलावा खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और खेल सम्मान राशि भी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन प्रतिभाओं को सही मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सरकार का प्रयास है कि गांव और पंचायत स्तर से खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराया जाए, ताकि बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।
आकाशदीप और मुकेश कुमार की DSP पद पर नियुक्ति तथा बिहार की IPL टीम को लेकर मुख्यमंत्री के ऐलान ने बिहार के खेल जगत में नई उम्मीद जगा दी है।

Post a Comment