Top News

सासाराम में सफाईकर्मी की बेरहमी से पिटाई, कचरा गाड़ी में डालने को कहने पर डंडे और बेल्ट से किया हमला

 

रिपोर्ट: अनिल रोहतासी | सासाराम/रोहतास जिले के सासाराम शहर में देर रात ड्यूटी कर रहे नगर निगम के एक सफाईकर्मी के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कचरा गाड़ी में कचरा डालने की बात कहने पर एक युवक ने सफाईकर्मी पर डंडे और बेल्ट से हमला कर दिया। इस घटना में सफाईकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल सफाईकर्मी की पहचान अजय के रूप में हुई है, जो नगर निगम के जोन-4 में नाइट शिफ्ट में कार्यरत है। पीड़ित अजय ने बताया कि घटना रात करीब 11 बजे हुई जब वह अपने इलाके में सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे डस्टबिन से कचरा उठाने के लिए कहा।

अजय के अनुसार उसने उस व्यक्ति से कहा कि पास में ही कचरा गाड़ी खड़ी है और वह खुद कचरा उठाकर उसमें डाल दे। इसी बात पर युवक नाराज हो गया और पहले गाली-गलौज करने लगा, फिर अचानक हमला कर दिया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने डंडे और बेल्ट से लगातार हमला किया, जिससे उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के समय उसके साथ सफाई कार्य में लगा एक नाबालिग लड़का भी मौजूद था, जिसके साथ भी मारपीट की गई।

पीड़ित ने हमलावर की पहचान सोनू नाम के युवक के रूप में की है। घटना के बाद सफाईकर्मियों में आक्रोश है और प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post