रिपोर्ट: अनिल रोहतासी | नोखा/रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना नोखा थाना क्षेत्र के सतर बीघा गांव के समीप हुई, जहां एक अनियंत्रित ऑटो और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बराव गांव निवासी रमासिस सिंह के 45 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Post a Comment