श्रीनगर/कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दुनिया के दूसरे सबसे ऊंचे केबल कार रोपवे गुलमर्ग गोंडोला में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। खराबी के कारण रोपवे के कई केबिन बीच हवा में रुक गए, जिससे करीब 300 से अधिक पर्यटक फंस गए। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में बचावकर्मी केबल के सहारे रोपवे के केबिन तक पहुंचते और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, तकनीकी गड़बड़ी के कारण रोपवे की सेवा अचानक प्रभावित हुई, जिससे कई केबिन हवा में ही रुक गए। ऊंचाई पर लंबे समय तक फंसे रहने के कारण कई यात्रियों में डर और घबराहट का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद राहत एवं बचाव दल यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
प्रशासन ने बताया कि सभी यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद रोपवे सेवा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। तकनीकी टीम खराबी के कारणों की जांच कर रही है।
गुलमर्ग गोंडोला दुनिया के सबसे लोकप्रिय और ऊंचाई वाले रोपवे सिस्टम में शामिल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। इस घटना ने पर्यटन सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment