नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज): अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव अब और अधिक गंभीर होता जा रहा है। डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज स्ट्रेट खोलने को लेकर ईरान को दी गई डेडलाइन खत्म होने में अब कुछ ही घंटे शेष हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने समयसीमा तक कदम नहीं उठाया, तो अमेरिका देश के बिजली संयंत्रों और पुलों को निशाना बना सकता है। इस गंभीर चेतावनी के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में सरकार ने नागरिकों से देश के बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए ‘मानव श्रृंखला’ बनाने का आह्वान किया है।
दरअसल, ट्रंप द्वारा दी गई समयसीमा बुधवार सुबह 3:30 बजे (स्थानीय समय) समाप्त होगी। इससे पहले ईरान के खेल और युवा मंत्रालय ने एथलीटों, कलाकारों, छात्रों और युवाओं से मंगलवार दोपहर 2 बजे (स्थानीय समय) परमाणु स्थलों और बिजली संयंत्रों के आसपास एकत्र होने की अपील की है।
ईरान के युवा मामलों के मंत्री अलीरेजा रहीमी ने एक वीडियो संदेश में बताया कि विश्वविद्यालयों के छात्रों, युवा कलाकारों और संगठनों ने बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा, “इस प्रतीकात्मक पहल को ‘उज्ज्वल भविष्य के लिए ईरान के युवाओं की मानव श्रृंखला’ नाम दिया गया है।”
देशभर में भागीदारी की उम्मीद
मंत्री ने उम्मीद जताई कि देशभर के युवा इस पहल में शामिल होंगे। उनके अनुसार, यह कदम न केवल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा का प्रतीक है, बल्कि देश के भविष्य के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा था कि ईरान के पास मंगलवार तक का समय है। यदि वह समझौता नहीं करता और होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलता, तो अमेरिका कड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है।

Post a Comment