India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

बिहार के किसानों की होगी मोटी कमाई! अब ट्रेन से दूसरे राज्यों तक भेज सकेंगे फल और सब्जियां...

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. रेलवे ने फल-सब्जी के लिए विशेष पार्सल सेवा शुरू की।

  2. सासाराम, डेहरी आनसोन, बिक्रमगंज स्टेशन शामिल किए गए।

  3. किसानों को उत्पादों की बिक्री से अधिक लाभ मिलेगा।

संवाददाता, सासाराम। बिहार के किसानों और फल-सब्जी उत्पादकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब जिले के किसान अपनी उपज को सड़क मार्ग के बजाय रेलवे के माध्यम से दूसरे शहरों और राज्यों तक आसानी से भेज सकेंगे। रेलवे द्वारा फल एवं सब्जियों के परिवहन के लिए विशेष पार्सल सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

इस योजना के तहत रोहतास जिले के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशन सासाराम, डेहरी आनसोन और बिक्रमगंज को शामिल किया गया है। रेलवे की ओर से इन स्टेशनों से फल और सब्जियों के संभावित पार्सल यातायात का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे अधिकारी जिले के फल एवं सब्जी उत्पादकों तथा व्यापारियों से संपर्क कर उनकी परिवहन संबंधी जरूरतों और संभावित मांग की जानकारी जुटा रहे हैं।

अभी ट्रकों से होती है सब्जियों की सप्लाई

रोहतास जिले के कई इलाके सब्जी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध हैं। धौदाढ़, कंचनपुर, जमुहार, बरांव समेत कई क्षेत्रों में टमाटर, लौकी, बैंगन सहित विभिन्न प्रकार की हरी सब्जियों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। वर्तमान में इन क्षेत्रों से प्रतिदिन ट्रकों के माध्यम से सब्जियों को बिहार के विभिन्न शहरों के साथ-साथ दूसरे राज्यों तक भेजा जाता है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेल पार्सल सेवा नियमित माल परिवहन के लिए अपेक्षाकृत तेज, सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प उपलब्ध करा सकती है। इससे किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज दूर-दराज के बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और परिवहन लागत में भी कमी आने की उम्मीद है।

किसानों और व्यापारियों से मांगी जा रही जानकारी

फल एवं सब्जी उत्पादक तथा व्यापारी वर्तमान में सड़क मार्ग से विभिन्न गंतव्यों तक अपना माल भेज रहे हैं। ऐसे किसान और व्यापारी जो रेलवे के माध्यम से अपनी उपज भेजना चाहते हैं, वे अपने संभावित माल परिवहन और आवश्यकताओं का विवरण संबंधित मंडल के साथ साझा कर सकते हैं।

रेलवे की ओर से प्राप्त सुझावों और जरूरतों की जांच के बाद संबंधित किसानों एवं व्यापारियों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। इसके बाद उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप आगे की कार्यवाही की जाएगी।

सासाराम और पहलेजा में तैयार हुआ माल गोदाम

पीडीडीयू मंडल के मुख्य टिकट निरीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के अनुसार, सासाराम और पहलेजा में माल गोदाम तैयार हो गया है। इन स्थानों पर फल एवं सब्जियों को रखने की व्यवस्था की जाएगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यदि पर्याप्त मांग प्राप्त होती है तो उपलब्ध संसाधनों और परिचालन की व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए फल एवं सब्जियों के लिए उपयुक्त पार्सल परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

रेलवे की यह पहल सफल होती है तो रोहतास सहित बिहार के फल एवं सब्जी उत्पादक किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने का नया और बेहतर माध्यम मिल सकता है। इससे किसानों को अपनी फसल का उचित बाजार और बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

INDIA A TO Z NEWS
सत्य • निष्पक्षता • जनसेवा

Post a Comment

Previous Post Next Post