इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार नियोजन का उद्देश्य केवल महिला बंध्याकरण या पुरुष नसबंदी तक सीमित नहीं है, बल्कि अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों के माध्यम से भी परिवार को योजनाबद्ध, स्वस्थ और समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "समाज का हर बच्चा चाहा हुआ हो, एक भी बच्चा अनचाहा न हो।"
उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन से जुड़ी सभी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में एडीएम, डीपीआरओ सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
सदर अस्पताल में परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन
वहीं, सदर अस्पताल सासाराम में सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव डॉ. मणिराज रंजन ने दीप प्रज्वलित कर परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन किया तथा जिला स्तरीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से छोटे परिवार, सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ अंतराल और समृद्ध परिवार का संदेश दिया गया।
डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी तथा परिवारों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण में परिवार नियोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि दो गर्भधारण के बीच उचित अंतराल अपनाने से माताओं और नवजात शिशुओं का स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा कुपोषण, समयपूर्व प्रसव और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों में कमी आती है।
निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी सभी सेवाएं
अभियान के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। अंतरा इंजेक्शन, आईयूसीडी, छाया, गर्भनिरोधक गोलियां और कंडोम सहित सभी आवश्यक साधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला बंध्याकरण कराने वाली महिलाओं को ₹2,000 तथा पुरुष नसबंदी कराने पर ₹3,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं महिला बंध्याकरण के लिए प्रेरित करने वाले मोटिवेटर को ₹300 तथा पुरुष नसबंदी के लिए प्रेरित करने पर ₹400 प्रति व्यक्ति प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.के. पुष्कर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. आर.के.पी. साहू, एनसीडीओ डॉ. राजीव रंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अजय कुमार सिंह, जिला योजना समन्वयक संजीव मधुकर, जिला लेखा प्रबंधक अभिजीत गौरव, हॉस्पिटल मैनेजर अजय कुमार, परिवार नियोजन परामर्शी नुजहत प्रवीण सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मी, पिरामल स्वास्थ्य एवं गांधी फेलोज की टीम उपस्थित रही।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे तथा योग्य दंपतियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।


Post a Comment