समारोह में सामाजिक, राजनीतिक, खेल और भोजपुरी फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत कर आकाश दीप एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार, डिहरी थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी अमित कुमार सिंह के यहां से तिलक की रस्म पूरी की गई।
तिलक में पारंपरिक परंपराओं के अनुरूप वस्त्र, घरेलू उपयोग की सामग्री तथा अन्य मांगलिक उपहार भेंट किए गए। पूरे आयोजन में लोक संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
कई दिनों से चल रही तैयारियां
तिलक समारोह को लेकर गांव में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। पूरे गांव को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था।
मुख्य मार्गों से लेकर आयोजन स्थल तक विशेष सजावट की गई थी, जिससे पूरा गांव उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर समारोह को और अधिक सांस्कृतिक रंग दिया।
वहीं भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक माहौल को जीवंत बनाए रखा। लोकगीत, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
समारोह में बड़ी संख्या में अतिथियों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।
बाहर से आए मेहमानों के स्वागत-सत्कार के साथ उनके लिए भोजन और नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई थी।
गांव के लिए गर्व का अवसर
गांव के लोगों ने इसे दोहरी खुशी का अवसर बताया। ग्रामीणों का कहना था कि आकाश दीप ने क्रिकेट के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
हाल ही में बिहार सरकार द्वारा उन्हें डीएसपी पद की जिम्मेदारी दिए जाने से लोगों का गौरव और बढ़ा है। अब उनके वैवाहिक जीवन की शुरुआत को लेकर भी गांव में उत्साह का माहौल है।
ग्रामीणों ने कहा कि आकाश दीप की उपलब्धियां क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि गांव से निकलकर भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
भोजपुरी और राजनीतिक जगत की हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में भोजपुरी जगत के कई चर्चित कलाकार शामिल हुए। इनमें गायक प्रमोद प्रेमी यादव, गायिका शिल्पी राज, अभिनेत्री काजल राघवानी, अंकुश, विजय चौहान, गुजर सिंह, गजेंद्र चौहान समेत कई कलाकार उपस्थित रहे।
वहीं राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से सांसद मनोज कुमार, राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार, विधायक मुरारी गौतम, डेहरी विधायक सोनू सिंह, दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह, विभिन्न जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजसेवी और गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए।
Post a Comment