सासाराम, रोहतास | India A To Z News मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज 23 जून 2026 को जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के संयुक्त नेतृत्व में सासाराम नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस फ्लैग मार्च के जरिए आम लोगों को शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित किया जा चुका है। संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर वहां दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, जो अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन जुलूसों को लाइसेंस जारी किया गया है, उन्हें तय समय और निर्धारित मार्ग के अनुसार ही जुलूस निकालना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरे, वीडियोग्राफी और कई प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
रोहतास प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

Post a Comment