बहराइच। AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली रविवार को बहराइच पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया।
शौकत अली ने कहा कि AIMIM उत्तर प्रदेश में करीब 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी बहराइच से अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करने जा रही है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शौकत अली ने महाराजा सुहेलदेव के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि महाराजा सुहेलदेव वास्तविक थे तो उनके महल, किले या अन्य ऐतिहासिक प्रमाण जिले में क्यों नहीं मिलते। उन्होंने यह भी पूछा कि जिन 21 राजाओं के साथ मिलकर सुहेलदेव ने युद्ध लड़ा था, उनके नाम क्या थे।
इसके अलावा उन्होंने सलार मसूद गाजी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बाहरी बताया जाता है, जबकि उनका जन्म राजस्थान के अजमेर में हुआ था।
बहराइच से चुनावी अभियान की शुरुआत को लेकर AIMIM कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। शौकत अली ने यह बयान नगर के तिकोनी बाग स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया।
Post a Comment