संवाददाता : अनिल रोहतासी रोहतास जिले में जन सुराज पार्टी की नवगठित जिला कमेटी की पहली औपचारिक बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी रविंद्र द्विवेदी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। बैठक के बाद गांधी स्मारक से पोस्ट ऑफिस चौक तक कैंडल मार्च भी निकाला गया।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रवि रंजन सिंह ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद कहा कि रोहतास में बिहार का सबसे मजबूत जन सुराज संगठन तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी गांव-गांव तक अपनी संगठनात्मक ताकत को मजबूत करेगी और युवाओं, किसानों, महिलाओं तथा सभी वर्गों को जोड़कर जनहित की लड़ाई लड़ेगी।
बैठक में रवि रंजन सिंह को जिलाध्यक्ष, अशोक भारती को महामंत्री, प्रियंका सिंह को महिला अध्यक्ष, बलजीत यादव को युवा अध्यक्ष, रमेंद्र कुमार सिंह को मुख्य प्रवक्ता तथा रतन सिन्हा को महिला मुख्य प्रवक्ता बनाया गया। वहीं डॉ. सच्चिदानंद सिंह को कार्यालय प्रभारी और शाह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसके अलावा विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई। मोहम्मद अखलाक अहमद को अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष, कन्हैया शर्मा को कर्पूरी मंच अध्यक्ष, हरेराम पासवान को अंबेडकर मंच अध्यक्ष, राजेंद्र पटेल को ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, डॉ. अमिताभ सिंह को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा बलराम सिंह को किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष बनाया गया।
क्षेत्रीय प्रभारी रविंद्र द्विवेदी ने सभी पदाधिकारियों को 101 सदस्यीय नई जिला कमेटी जल्द गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रकोष्ठ अपनी-अपनी कमेटी बनाकर सौंपेंगे, जिसके बाद जिला कमेटी की पहली बड़ी बैठक में जन सुराज के सूत्रधार Prashant Kishor शामिल होंगे।
बैठक के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में बिहारी युवक पांडव कुमार की हत्या के विरोध में गांधी स्मारक से पोस्ट ऑफिस चौक तक कैंडल मार्च निकाला। मार्च के माध्यम से नेताओं ने कहा कि रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के अभाव में बिहार के युवाओं को दूसरे राज्यों में अपमान और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। जन सुराज पार्टी बिहार में रोजगार और शिक्षा सुधार के अपने संकल्प को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
कैंडल मार्च और बैठक में संसदीय चुनाव प्रभारी विनोद तिवारी, प्रदीप चंद्रवंशी, विनय सिंह, रोहित पांडे, विजय शंकर तिवारी, उपेंद्र ओझा, सऊद आलम, पप्पू नटराज, चुनचुन सिंह, आरजू खान, सुनील रजक समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Post a Comment