India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

बिहार में बेलगाम बालू माफिया! रोहतास में ट्रैफिक सिपाही को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, वाराणसी रेफर...

 

सासाराम, रोहतास | India A To Z News बिहार में बालू माफियाओं का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह बालू माफिया ने एक ट्रैफिक सिपाही को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान की हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

घटना सासाराम के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास की है, जहां नो-एंट्री के दौरान बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे एक बालू लदा ट्रैक्टर नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही मुकेश कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में सिपाही को ही रौंद दिया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल सिपाही को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम लाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अमरकांत ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। वहीं, रोहतास एसपी रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि नो-एंट्री में घुसे ट्रैक्टर को रोकने के दौरान यह हादसा हुआ। दोषी चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। महज दो दिन पहले नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में छापेमारी के दौरान बालू माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए एएसआई नागेंद्र कुमार पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। गंभीर रूप से घायल एएसआई को पहले नवादा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने बिहार में बालू माफियाओं के बढ़ते मनोबल और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन ऐसे बेलगाम माफियाओं पर कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post