Top News

दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार तीन लोगों की मौत, महिला और मासूम भी शामिल

सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बढ़ईया बाग के समीप रविवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला और एक नन्ही बच्ची भी शामिल हैं, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


मृतकों की पहचान 30 वर्षीय परमानंद, 25 वर्षीय खुशबू देवी तथा 2 वर्षीया कुमारी काव्या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और सासाराम से कोचस थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव अपनी दादी-मां के श्राद्धकर्म में शामिल होने जा रहे थे।

इसी दौरान बढ़ईया बाग के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post