Top News

ट्रम्प ने कहा- मैंने ईरान में सत्ता बदल दी:जल्द बड़ी डील हो सकती है, ऐसा नहीं हुआ तो सेना हमले को तैयार, सीजफायर नहीं बढ़ाएंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि उन्होंने ईरान में सत्ता बदल दी है। CNBC न्यूज से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जल्द एक बड़ी डील हो सकती है। मौजूदा हालात में ईरान के पास समझौता करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर डील नहीं हुई, तो अमेरिकी सेना हमले के लिए पूरी तरह तैयार है और आदेश मिलते ही कार्रवाई कर सकती है। ट्रम्प ने साफ किया कि वह सीजफायर को आगे नहीं बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा, हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। ट्रम्प ने बताया कि सीजफायर के दौरान अमेरिका ने अपनी सैन्य ताकत बढ़ाई है। उन्होंने कहा, “हमारे पास बहुत ज्यादा गोला-बारूद है, हमने इस समय का इस्तेमाल तैयारी में किया।”

दूसरी ओर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कुछ ही देर में पाकिस्तान के लिए रवाना होने वाले हैं। वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर भी पाकिस्तान पहुंचेंगे।

जेडी वेंस ने 11 अप्रैल को अमेरिकी डेलिगेशन का नेतृत्व किया था। उनका स्वागत करने के लिए पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर पहुंचे थे।

पिछले 24 घंटे के 3 बड़े अपडेट्स

धीमी आवाजाही: सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट से सिर्फ 16 जहाज गुजरे। मरीन ट्रैफिक डेटा के मुताबिक, सोमवार को 9 जहाज होर्मुज में दाखिल हुए, जिनमें 2 ईरानी झंडे वाले जहाज थे, जिनमें से एक तेल टैंकर था। वहीं 7 जहाज बाहर निकले, जिनमें एक ईरानी कार्गो जहाज शामिल था।

लेबनान-इजराइल वार्ता: इजराइल और लेबनान के बीच बातचीत का दूसरा दौर 23 अप्रैल को तय किया गया है। इससे पहले 16 अप्रैल को दोनों देशों की बातचीत हुई थी जिसमें दोनों देशों ने 10 दिनों के लिए सीजफायर पर सहमति जताई थी।

ईरानी जहाज सीज: अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे टूस्का नाम के एक ईरानी जहाज को पकड़ लिया। यह चीन से लौट रहा था। ईरान ने इस पर नाराजगी जताई और अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

15 मिनट पहले
ईरान ने अमेरिका पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया

अमेरिका के सीजफायर उल्लंघन के आरोपों के बाद अब ईरान ने भी पलटवार किया है। ईरान की सेना ने कहा है कि अमेरिका ने खुद युद्धविराम तोड़ा है।

रविवार को ओमान की खाड़ी में एक अमेरिकी युद्धपोत ने ईरानी झंडे वाले मालवाहक जहाज पर फायरिंग की। अमेरिका ने दावा किया कि यह जहाज उसकी समुद्री नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था।

इसके जवाब में ईरान की सेना ने इस कार्रवाई को डकैती बताया और कहा कि यह सीजफायर का उल्लंघन है।

46 मिनट पहले
ट्रम्प बोले- डील नहीं हुई तो सेना हमले के लिए तैयार

ट्रम्प ने कहा है कि अगर ईरान के साथ डील नहीं होती, तो अमेरिकी सेना हमले के लिए तैयार है।

ट्रम्प ने बताया कि सीजफायर के दौरान अमेरिका ने अपनी सैन्य ताकत बढ़ाई है। उन्होंने कहा, “हमारे पास बहुत ज्यादा गोला-बारूद और संसाधन है, हमने इस समय का इस्तेमाल खुद को मजबूत करने में किया।”

उन्होंने यह भी कहा कि संभव है ईरान ने भी इस दौरान कुछ तैयारी की हो। ट्रम्प के मुताबिक, अगर वह आदेश देते हैं तो अमेरिकी सेना तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार है और एक्शन लेने को तैयार बैठी है।

49 मिनट पहले
ट्रम्प बोले- सीजफायर नहीं बढ़ाएंगे

ट्रम्प ने कहा है कि वह ईरान के साथ चल रहे सीजफायर को आगे नहीं बढ़ाएंगे। CNBC को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि "हमारे पास इतना समय नहीं है।"

06:21 PM21 अप्रैल 2026
ट्रम्प बोले- ईरान के साथ जल्द बड़ी डील हो सकती है

ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका जल्द ही ईरान के साथ एक बड़ी डील कर सकता है। इससे कई हफ्तों से चल रहा युद्ध खत्म हो सकता है। उन्होंने CNBC न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा, “मुझे लगता है कि हम एक बड़ी डील करेंगे, उनके पास कोई विकल्प नहीं है।”

ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की नेवी, एयरफोर्स और उसके नेताओं को खत्म कर दिया है, जिससे उसकी सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है।

ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान में रेजीम चेंज हो चुका है। उन्होंने कहा, “मैंने कहा नहीं था कि मैं यह करूंगा, लेकिन मैंने इसे अप्रत्यक्ष रूप से कर दिया है।”

06:12 PM21 अप्रैल 2026
ट्रम्प थोड़ी देर में टीवी इंटरव्यू देंगे

डोनाल्ड ट्रम्प थोड़ी देर में टीवी चैनल CNBC को इंटरव्यू देंगे। ट्रम्प ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ईरान पर कई बार सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया है।

05:45 PM21 अप्रैल 2026
रूसी विदेश मंत्री बोले- इस्लामाबाद वार्ता पर हमारी नजर

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि इस्लामाबाद में चल रही बातचीत पर रूस नजर बनाए हुए है और स्थिति का जायजा कर रहा है।

लावरोव ने कहा कि हालात बहुत तेजी से बदल रहे हैं और एक दिन के भीतर स्थिति 180 डिग्री तक पलट सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि हालात 360 डिग्री तक भी बदल सकते हैं, जैसा कि जर्मनी की पूर्व विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक ने एक बार कहा था।

05:21 PM21 अप्रैल 2026
फ्रांसीसी राष्ट्रपति बोले- होर्मुज की नाकाबंदी करना अमेरिका की गलती

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी को अमेरिका की गलती बताया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद ईरानी अधिकारियों ने अपना शुरुआती रुख बदल लिया।

मैक्रों ने अमेरिकी कदम को रणनीतिक रूप से गलत करार दिया और संकेत दिया कि इससे क्षेत्रीय हालात और जटिल हो गए हैं।

05:17 PM21 अप्रैल 2026
अमेरिकी सेना ने प्रतिबंधित जहाज पर चढ़ाई की

अमेरिकी सेना ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एक प्रतिबंधित जहाज पर चढ़कर कार्रवाई की है। पेंटागन के मुताबिक, एम/टी टिफानी नाम के इस टैंकर पर रात के दौरान ऑपरेशन चलाया गया।

यह कार्रवाई उन जहाजों और नेटवर्क को बाधित करने के लिए की गई है, जो ईरान को सामग्री और अन्य तरह का समर्थन देते हैं।

पेंटागन ने कहा कि अमेरिका वैश्विक स्तर पर समुद्री कानून प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखेगा और ऐसे प्रतिबंधित जहाजों को जहां भी वे ऑपरेट करेंगे, वहां रोका जाएगा।

अमेरिका ने साफ किया है कि ईरान को समर्थन देने वाले नेटवर्क के खिलाफ दुनिया के किसी भी हिस्से में कार्रवाई की जाएगी।

05:00 PM21 अप्रैल 2026
ट्रम्प बोले- ईरान ने कई बार सीजफायर तोड़ा

डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि ईरान ने बार-बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post