Top News

डालमिया भारत फाउंडेशन ने 90 युवाओं को दिए प्रमाण पत्र, मिला रोजगार का अवसर...

 सासाराम (रोहतास):

बंजारी स्थित डालमिया इंस्टीट्यूट ऑफ नॉलेज एंड स्किल हार्नेसिंग (DIKSHa), कल्याणपुर में प्रमाण पत्र वितरण एवं जॉब ऑफर समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 90 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा करने वाले 90 युवाओं को प्रमाण पत्र के साथ रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।  

कार्यक्रम के तहत NABARD के सहयोग से 60 अभ्यर्थियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद इन सभी 60 युवाओं को जॉब ऑफर लेटर और प्रमाण पत्र सौंपे गए। इसके अलावा 30 जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (स्वास्थ्य) और 30 असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन अभ्यर्थियों को उनके कार्य को सुचारु रूप से करने हेतु टूलकिट भी प्रदान किए गए।

समारोह में कुल 90 अभ्यर्थियों—30 जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, 30 असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन और 30 डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर—को सम्मानित किया गया। सभी चयनित युवाओं को ₹14,000 से ₹22,000 प्रतिमाह वेतनमान के साथ रोजगार के अवसर दिए गए।

कार्यक्रम में NABARD पटना के मुख्य महाप्रबंधक श्री गौतम कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ उप महाप्रबंधक श्री भोला प्रसाद सिंह, जिला विकास प्रबंधक श्री सुनील कुमार, रोहतास सीमेंट वर्क्स के एचआर हेड श्री संजय कुमार झा, शाहाबाद महोत्सव समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार एवं सुरभि क्लब की अध्यक्ष सुश्री अंशु तिवारी भी मौजूद रहीं।

इस अवसर पर ग्राम परिवर्तन परियोजना के तहत माइक्रो एंटरप्राइज पहल के अंतर्गत आरओ वाटर प्लांट एवं ई-रिक्शा का उद्घाटन भी किया गया, जिससे ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्य अतिथि श्री गौतम कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि NABARD आगे भी इस तरह के कौशल विकास कार्यक्रमों को समर्थन देता रहेगा। उन्होंने नए बैच शुरू करने और अन्य विकास परियोजनाओं में सहयोग देने की भी प्रतिबद्धता जताई।

Post a Comment

Previous Post Next Post