सासाराम (रोहतास): सोमवार को रोहतास की जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय
जनता दरबार का आयोजन किया। यह कार्यक्रम “सबका सम्मान - जीवन आसान” (Ease of Living) अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है।जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए कुल 9 आवेदकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
प्रमुख मामले जो सामने आए:
दिनारा थाना क्षेत्र के नारायण टोला निवासी इंद्रजीत गुप्तेश्वर सिंह ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया।
शिवसागर प्रखंड के ग्राम कदवा वार्ड संख्या-13 के ग्रामीण ने गांव में सड़क निर्माण की मांग रखी।
करपुरवा, सासाराम निवासी धन्नजय कुमार सिंह ने मौजा भताढ़ी स्थित जमीन की मापी कराने तथा अवैध कब्जा हटाने की मांग की।
राजपुर निवासी भगवान राम ने चौकीदार पद पर अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया, जिसे जांच हेतु जिला सामान्य शाखा को भेजा गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी समस्याओं का समयबद्ध, संवेदनशील और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत करने की पहल
जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
India A To Z News
हर खबर पर हमारी नजर

Post a Comment