डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास), संवाददाता। रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन स्थित इंद्रपुरी बराज पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बराज के समीप सेल्फी ले रहे तीन युवक अचानक पानी का बहाव तेज होने से नदी के बीच फंस गए। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक बराज के पास नदी में खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान बराज का फाटक खोले जाने से पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। देखते ही देखते जलस्तर बढ़ गया और तीनों युवक तेज धारा में घिर गए। स्थिति गंभीर होती देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।स्थानीय लोगों ने गमछे और चुनरी को आपस में बांधकर एक लंबी रस्सी तैयार की। इसके बाद रस्सी युवकों की ओर फेंकी गई और एक-एक कर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते किए गए इस प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्थानीय लोगों द्वारा किए गए साहसिक बचाव कार्य की भी सराहना की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इंद्रपुरी बराज, नदी, नहर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सेल्फी लेने या रील बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। प्रशासन ने कहा कि बराज से कभी भी पानी छोड़ा जा सकता है, जिससे जलस्तर और पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता है। ऐसे स्थानों पर लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और खतरनाक स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
Post a Comment