India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

समेली में दर्दनाक सड़क हादसा: एनएच-31 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, गांव में पसरा मातम...

AI Image Examples
कटिहार | इंडिया A To Z News

कटिहार जिले के समेली प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बखरी के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान समेली प्रखंड के पूर्वी चांदपुर पंचायत अंतर्गत विष्णीचक गांव, वार्ड संख्या-11 निवासी 23 वर्षीय छोटू कुमार, पिता स्वर्गीय प्रकाश शर्मा के छोटे पुत्र के रूप में हुई है।

कैसे हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटू कुमार अपनी टीवीएस राइडर बाइक से समेली की ओर से डूमर जा रहे थे। इसी दौरान बखरी के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटू कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही पोठिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया।

घटनास्थल पर पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई धर्मेंद्र कुमार, एसआई श्रीराम राय सहित बिहार पुलिस के जवान मौजूद रहे। वहीं कोढ़ा यातायात पुलिस गश्ती दल के एसआई प्रिस चौधरी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच में जुट गए।

तीन भाइयों में सबसे छोटे थे छोटू

बताया जाता है कि छोटू कुमार अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि विष्णीचक गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस का बयान

पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। मृतक की पहचान विष्णीचक गांव निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी, गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

संवाददाता: इंडिया A To Z News

Post a Comment

Previous Post Next Post