India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

रोहतास में CMR आपूर्ति में लापरवाही पर डीएम सख्त, तीन प्रखंडों के अधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश...

AI Photo 
सासाराम | इंडिया A to Z News

रोहतास जिले में कस्टम मिल्ड राइस (CMR) आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार देर शाम समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सीएमआर आपूर्ति की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि 25 जुलाई तक जिले में शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले तीन प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों का वेतन रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

बैठक में जिला सहकारिता विभाग एवं राज्य खाद्य निगम के अधिकारियों ने सीएमआर आपूर्ति की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में धान अधिप्राप्ति के विरुद्ध अब तक 94.13 प्रतिशत सीएमआर राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करें।

तीन प्रखंडों के अधिकारियों पर कार्रवाई

जिले के औसत से कम प्रगति वाले चेनारी (85.21 प्रतिशत), शिवसागर (88.58 प्रतिशत) तथा करगहर (89.16 प्रतिशत) प्रखंडों की समीक्षा के दौरान डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए तथा उनका वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए।

डिफॉल्टर समितियों पर होगी प्राथमिकी

बैठक में डीएम ने उन समितियों को भी चिन्हित करने का निर्देश दिया, जिनके द्वारा बड़ी मात्रा में सीएमआर की आपूर्ति लंबित रखी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी डिफॉल्टर समितियों के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि सरकारी लक्ष्य की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नटवार केंद्र पर उपलब्ध है पर्याप्त क्षमता

राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक ने बैठक में जानकारी दी कि नटवार सीएमआर संग्रहण केंद्र पर फिलहाल 140 लॉट सीएमआर रखने की क्षमता उपलब्ध है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों से शीघ्र सीएमआर की आपूर्ति कराकर उपलब्ध भंडारण क्षमता का पूरा उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करते हुए नियमित अनुश्रवण करने और लक्ष्य के अनुरूप कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की धान अधिप्राप्ति एवं खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सीएमआर आपूर्ति समय पर पूरी करना अत्यंत आवश्यक है।

— इंडिया A to Z News3

Post a Comment

Previous Post Next Post