सासाराम (अनिल रोहतासी): रोहतास के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का संयुक्त रूप से मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों एवं वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम की सुरक्षा में प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों के आवासन एवं पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि सुरक्षा में तैनात कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, विद्युत व्यवस्था, हाइड्रेट सिस्टम तथा अग्निशमन यंत्रों की स्थिति की भी जांच की। इस संबंध में उप निर्वाचन पदाधिकारी से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई और सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए वेयरहाउस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसका नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment