बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जून 2026 माह की पेंशन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में किया गया।
रोहतास जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में आयोजित लाइव कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लगभग 50 लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य और महत्व से अवगत कराया।
राज्य स्तर पर इस अवसर पर कुल 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। वहीं रोहतास जिले के 2,91,361 लाभार्थियों के खातों में 40 करोड़ 91 लाख 99 हजार 100 रुपये की पेंशन राशि सीधे भेजी गई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य पात्र व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देना है। सरकार इन योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है, जिससे उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलती है।
जिला प्रशासन ने बताया कि डीबीटी व्यवस्था लागू होने से पेंशन वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, तेज और प्रभावी हुई है। अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पेंशन राशि भेजी जाती है। प्रशासन ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, आधार और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का विवरण समय-समय पर अद्यतन कराते रहें, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो।


Post a Comment