Top News

सदर अस्पताल सासाराम में अग्निशमन विभाग की मॉकड्रिल, आग से बचाव के बताए गए उपाय

 संवाददाता: अनिल रोहतासी | सासाराम रोहतास अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सासाराम सुनिति कुमारी के नेतृत्व में सदर अस्पताल सासाराम में आग से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान, सदर अस्पताल सासाराम में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष मॉकड्रिल का आयोजन किया।


मॉकड्रिल के माध्यम से अस्पताल कर्मियों, प्रशिक्षु छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को आग लगने की आपात स्थिति में बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय सूझबूझ और तत्परता से कार्य करना चाहिए। आग की शुरुआती स्थिति में उपलब्ध संसाधनों का सही तरीके से उपयोग कर बड़े हादसे को टाला जा सकता है।

अग्निशमन पदाधिकारी सुनिति कुमारी ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर आग से सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है। उन्होंने लोगों को विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, गैस एवं ज्वलनशील पदार्थों के प्रति सावधानी तथा अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल की जानकारी दी।

मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने वाले उपकरणों के संचालन का लाइव प्रदर्शन भी किया और बताया कि किस प्रकार छोटी आग को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) के तरीकों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन, जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान की छात्राएं एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल परिसर में आग से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए लोगों को प्रशिक्षित करना था।

अग्निशमन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post