बिहार डेक्स रिपोर्ट: अनिल रोहतासी। कई जिलों में तबाही, तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित; सरकार ने राहत का किया ऐलान
पटना। बिहार में अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी है। राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जिलों में हुई घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और आवागमन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक असर उत्तर बिहार और पूर्वी इलाकों में देखने को मिला। मुजफ्फरपुर जिले में तेज आंधी और खराब मौसम के कारण दो लोगों की मौत हो गई। वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और मुंगेर में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कई इलाकों में बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की गई है।
राज्य सरकार ने आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही संबंधित जिलों के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया गया है।
अचानक बदले मौसम और आंधी-तूफान से लोगों में भय का माहौल है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने की अपील कर रहा है।
Post a Comment