संवाददाता: अनिल रोहतासी | सासाराम
रोहतास जिले के सासाराम में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली इस लोक अदालत को लेकर प्रशासनिक एवं न्यायिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का त्वरित, सरल और आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन करना है।
शुक्रवार को न्यायिक पदाधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रोहतास जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 34 प्रकार के मामलों की सुनवाई और निष्पादन किया जाएगा।
मोटर व्हीकल मामलों के लिए अलग कैंप
मोटर व्हीकल एक्ट से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए विशेष कैंप की व्यवस्था की गई है। यहां वाहन चालान, जुर्माना एवं अन्य परिवहन संबंधी विवादों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। जिला परिवहन पदाधिकारी भी कोर्ट परिसर पहुंचे और न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि वाहन संबंधी मामलों के निष्पादन में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए अलग काउंटर एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की व्यवस्था भी की गई है।
लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
प्रशासन का मानना है कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का निष्पादन होगा, जिससे न्यायालयों पर बोझ कम होगा और लोगों को शीघ्र न्याय मिल सकेगा। आम जनता से अपील की गई है कि वे लोक अदालत में पहुंचकर आपसी सहमति से अपने मामलों का समाधान कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।
Post a Comment