होम ग्राउंड चेपॉक में शुक्रवार की रात जब चेन्नई सुपर किंग्स ने 209 का स्कोर खड़ा किया तो उसके फैन्स पूरे जोश में थे.
पंजाब किंग्स की जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफ़ानी पारी का योगदान रहा
उन्हें लग रहा था कि पंजाब किंग्स के इस मैदान पर इस स्कोर का पीछा करना मुश्किल होगा. लेकिन पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफ़ानी फ़िफ्टी ने चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
श्रेयस अय्यर की ताबड़तोड़ पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया. पंजाब किंग्स ने आईपीएल में लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है. इससे पहले उसने गुजरात टाइटंस को हराया था.
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत ख़राब रही और वो लगातार दो मैच हार चुकी है. पांच बार की चैंपियंस चेन्नई सुपर किंग्स पहले राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ हारी थी और अब पंजाब किंग्स ने उन्हें हरा दिया है.एक वक़्त ऐसा लगा की चेन्नई सुपर किंग्स मैच में हावी है क्योंकि आयुष म्हात्रे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी कर पंजाब किंग्स के गेंदबाज़ों में दहशत पैदा कर दी थी.उन्होंने महज़ 43 गेंदों में 73 रन की पारी खड़ी कर दी थी. बाद में सरफ़राज़ ख़ान और शिवम दुबे ने आख़िरी ओवरों में तेज़ी से रन बटोरे और स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया.
210 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने धमाकेदार शुरुआत की. प्रियांश आर्या ने 11 बॉल में 39 रन बनाए.
प्रियांश आर्या वैभव सूर्यवंशी की तरह बिल्कुल युवा बल्लेबाज़ हैं और जब वो रन बरसा रहे थे तो ऐसा लग रहा था कि पंजाब किंग्स जल्दी ही इस खेल को अपने पाले में समेट लेगी. लेकिन प्रियांश आर्या 39 रन के स्कोर पर मैट हेनरी की एक गेंद पर जल्दबाज़ी में शॉट लगाने के चक्कर में बोल्ड हो गए.
Post a Comment