सासाराम (India A To Z News): सासाराम में घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) डॉ. नेहा कुमारी के कुशल नेतृत्व में 1 अप्रैल 2026 को शहर के विभिन्न इलाकों में औचक छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सासाराम एवं कोचस की टीम की मौजूदगी में नगर और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुल 7 रेस्टोरेंट और मिष्ठान भंडारों की जांच की गई। छापेमारी के दौरान कई जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया।
प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कुल 10 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 7 इंडेन और 3 एचपी गैस सिलेंडर शामिल हैं। इनमें से The Green Forest Restaurant and Cafe से 2 इंडेन सिलेंडर तथा Mumma Cafe and Family Restaurant से 3 एचपी सिलेंडर जब्त किए गए।
जब्त किए गए 5 सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसियों—सर्वेश्वरी गैस एजेंसी, फजलगंज और शहीद चंद्रभूषण एचपी गैस एजेंसी, राजोखर कोटा—को सुरक्षित रखने के लिए सुपुर्द किया गया। इस मामले में संबंधित होटल/रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ सासाराम मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 108/26, दिनांक 2 अप्रैल 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, अन्य 5 सिलेंडरों के मामले में संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया। जांच में उपभोक्ता कार्ड प्रस्तुत किए जाने के बाद सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी परिस्थिति में घरेलू गैस का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न किया जाए। इसके बाद उन सिलेंडरों को मुक्त कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान यह भी पाया गया कि कई रेस्टोरेंट और होटल गैस पाइपलाइन, चूल्हा, कोयला और तंदूर जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग कर रहे हैं, जिसे प्रशासन ने सराहनीय पहल बताया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध गैस उपयोग और कालाबाजारी में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।

Post a Comment