India A TO Z News

India A TO Z News

हर खबर सबसे पहले पाने के लिए WhatsApp चैनल से जुड़ें।

JOIN WHATSAPP
```

Top News

किसान रजिस्ट्री से किसानों को मिलेंगे अनेक लाभ : डीएम उदिता सिंह

 संवाददाता: ब्यूरो चीफ एडिटर अनिल रोहतासी | सासाराम, रोहतास

रोहतास जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी किसानों से अपील की गई है कि वे शीघ्र अपना किसान रजिस्ट्री पंजीकरण कराएं, ताकि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि किसान रजिस्ट्री किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि किसान रजिस्ट्री होने से किसानों को उर्वरक खरीद प्रक्रिया में काफी सुविधा होगी। किसान मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन खाद बुकिंग कर सकेंगे तथा QR कोड आधारित प्रणाली के जरिए अधिकृत दुकानों से आसानी से उर्वरक प्राप्त कर पाएंगे। इससे पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित एवं पारदर्शी बनेगी।

उन्होंने कहा कि पंजीकृत किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि (PM-KISAN), फसल बीमा, कृषि ऋण तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और शीघ्रता से प्राप्त होगा। सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि वास्तविक किसानों तक पहुंचाने में किसान रजिस्ट्री महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

डीएम ने बताया कि धान, गेहूं एवं अन्य फसलों की अधिप्राप्ति प्रक्रिया में भी किसान रजिस्ट्री अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। पैक्स (PACS) के माध्यम से फसल खरीद प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनेगी तथा पंजीकृत किसानों को भुगतान भी तेजी से प्राप्त होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा, बाढ़, सुखाड़ अथवा अन्य आपात स्थितियों में किसान रजिस्ट्री के माध्यम से सही किसानों की पहचान कर शीघ्र सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे राहत वितरण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि किसान रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को बैंक एवं सहकारी समितियों से केसीसी (KCC) तथा अन्य कृषि ऋण प्राप्त करने में आसानी होगी। किसानों की पहचान और दस्तावेजी प्रक्रिया सरल होने से ऋण स्वीकृति में तेजी आएगी।

डीएम श्रीमती उदिता सिंह ने कहा कि किसान रजिस्ट्री व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी तथा फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगेगी। सरकारी सहायता वास्तविक किसानों तक पहुंचेगी और भ्रष्टाचार में कमी आएगी।

जिला प्रशासन रोहतास द्वारा सभी प्रखंडों में किसान रजिस्ट्री अभियान चलाया जा रहा है। किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने नजदीकी कृषि कार्यालय, पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) अथवा संबंधित विभागीय कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र पंजीकरण कराएं।

ब्यूरो चीफ एडिटर अनिल रोहतासी से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान रजिस्ट्री केवल एक पंजीकरण प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि और कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है। सभी किसान आगे आएं, अपना पंजीकरण कराएं तथा सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध कृषि व्यवस्था के निर्माण में सहभागी बनें।

“रजिस्ट्री कराएं – लाभ उठाएं – समृद्धि की ओर बढ़ें।”

Post a Comment

أحدث أقدم